प्राथमिक स्तर पर हिंदी भाषा सीखने के प्रतिफल | NCERT Hindi Learning Outcomes Class 1 to 5

📅 Tuesday, 12 May 2026 📖 पढ़ रहे हैं...

प्राथमिक स्तर पर हिंदी भाषा सीखने के प्रतिफल

कक्षा 1 से 5 तक सम्पूर्ण गाइड — NCERT Learning Outcomes | सीखने-सिखाने की प्रक्रिया + class-wise tables

स्रोत: NCERT | ncertclasses.com पर प्रस्तुत

📌 यह लेख किसके लिए है और क्या मिलेगा?
  • NCERT द्वारा निर्धारित कक्षा I से V तक हिंदी भाषा के सीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes) — class-wise tables में
  • हर कक्षा में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया (शिक्षक क्या करे) और सीखने के प्रतिफल (बच्चा क्या सीखे) — दोनों एक साथ
  • शिक्षकों, B.Ed छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा-प्रशासकों के लिए सम्पूर्ण reference

परिचय

बच्चे अपने साथ बहुत कुछ लेकर विद्यालय आते हैं — अपनी भाषा, अपने अनुभव और दुनिया को देखने का अपना नज़रिया। बच्चे घर-परिवार एवं परिवेश से जिन अनुभवों को लेकर विद्यालय आते हैं, वे बहुत समृद्ध होते हैं। उनकी इस भाषायी पूँजी का इस्तेमाल भाषा सीखने-सिखाने के लिए किया जाना चाहिए।

पहली बार विद्यालय में आने वाला बच्चा अनेक शब्दों के अर्थ और उनके प्रभाव से परिचित होता है। लिपिबद्ध चिह्न और उनसे जुड़ी ध्वनियाँ बच्चों के लिए अमूर्त होती हैं, इसलिए पढ़ने का प्रारंभ अर्थपूर्ण सामग्री से ही होना चाहिए। यह उद्देश्य कहानी सुनकर-पढ़कर आनंद लेना भी हो सकता है। धीरे-धीरे बच्चों में भाषा की लिपि से परिचित होने के बाद अपने परिवेश में उपलब्ध लिखित भाषा को पढ़ने-समझने की जिज्ञासा उत्पन्न होने लगती है।

भाषा सीखने-सिखाने की इस प्रक्रिया के मूल में यह अवधारणा है कि बच्चे दुनिया के बारे में अपनी समझ और ज्ञान का निर्माण स्वयं करते हैं। यह निर्माण किसी के सिखाए जाने या ज़ोर-ज़बरदस्ती से नहीं, बल्कि बच्चों के स्वयं के अनुभवों और आवश्यकताओं से होता है। इसलिए बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना ज़रूरी है जहाँ वे बिना रोक-टोक के अपनी उत्सुकता के अनुसार अपने परिवेश की खोज-बीन कर सकें।

बहुभाषी संदर्भ में भाषा शिक्षण

कक्षा में बच्चे अलग-अलग भाषायी-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। बच्चों की भाषा को नकारने का अर्थ है — उनकी अस्मिता को नकारना। भाषा-शिक्षण को बहुभाषी संदर्भ में रखकर देखने की आवश्यकता है। बच्चे विभिन्न प्रकार के परिचित और अपरिचित संदर्भों के अनुसार भाषा का सही प्रयोग कर सकें, वे सहज, कल्पनाशील, प्रभावशाली और व्यवस्थित ढंग से किस्म-किस्म का लेखन कर सकें — यही प्राथमिक हिंदी शिक्षण का लक्ष्य है।

'पढ़ना' — केवल किताबी कौशल नहीं

NCERT के अनुसार 'पढ़ना' मात्र किताबी कौशल न होकर एक तहज़ीब और तरकीब है। पढ़ना, पढ़कर समझने और उस पर प्रतिक्रिया करने की एक प्रक्रिया है। पढ़ने का एकमात्र उद्देश्य यह नहीं है कि बच्चे पाठ्यपुस्तक पढ़ना सीख जाएँ, बल्कि यह है कि वे अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में पढ़ने-लिखने का इस्तेमाल कर सकें।

💡 मुख्य सिद्धान्त: पढ़ने के दौरान अर्थ केवल शब्दों और वाक्यों में नहीं, बल्कि पाठ की समग्रता में भी मौजूद होता है — और कई बार जो साफ़ तौर पर नहीं कहा गया होता है, उसे भी समझ पाने की ज़रूरत होती है।

चार मुख्य भाषायी क्षमताएँ

NCERT के अनुसार ये चारों क्षमताएँ एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं और एक-दूसरे के विकास में सहायक हैं। इन्हें अलग-अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए।

🎧 सुनना कहानी-कविता सुनना, ध्यान से समझना, प्रतिक्रिया देना और प्रश्न पूछना।
🗣️ बोलना अपनी भाषा में निर्भीक अभिव्यक्ति, तर्क देना, कहानी सुनाना, राय देना।
📖 पढ़ना अर्थ की खोज करना, चित्र-संदर्भ से अनुमान लगाना, शब्दकोश प्रयोग।
✍️ लिखना स्व-वर्तनी से शुरू होकर सृजनात्मक लेखन तक — कविता, पत्र, कहानी।

पाठ्यचर्या संबंधी अपेक्षाएँ

पाठ्यचर्या संबंधी अपेक्षाओं को पूरे देश के बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है — प्रथम भाषा के रूप में हिंदी पढ़ने वाले और द्वितीय भाषा के रूप में हिंदी पढ़ने वाले, दोनों के लिए।

📘 कक्षा एक से पाँच — साझा अपेक्षाएँ
  • दूसरों की बातों को रुचि के साथ और ध्यान से सुनना
  • अपने अनुभव-संसार और कल्पना-संसार को बेझिझक और सहज ढंग से अभिव्यक्त करना
  • अलग-अलग संदर्भों में अपनी बात कहने की कोशिश करना (बोलकर / इशारों से / 'साइन लैंगवेज' द्वारा / चित्र बनाकर)
  • स्तरानुसार कहानी, कविता आदि को सुनने में रुचि लेना और उन्हें मज़े से सुनना और सुनाना
  • देखी, सुनी और पढ़ी गई बातों को अपनी भाषा में कहना, उसके बारे में विचार करना और अपनी प्रतिक्रिया/टिप्पणी (मौखिक और लिखित रूप से) व्यक्त करना
  • संदर्भ और उद्देश्य के अनुसार उपयुक्त शब्दों और वाक्यों का चयन करना और उनकी संरचना करना

कक्षा I (हिंदी) — सीखने के प्रतिफल

कक्षा I (हिंदी)
सीखने-सिखाने की प्रक्रियासीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes)
सभी शिक्षार्थियों (भिन्न रूप से सक्षम बच्चों सहित) को व्यक्तिगत, सामूहिक रूप से कार्य करने के अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि उन्हें—
  • अपनी भाषा में अपनी बात कहने, बातचीत करने की भरपूर आज़ादी और अवसर हों। अपनी बात कहने (भाषिक और सांकेतिक माध्यम से) के लिए अवसर एवं प्रोत्साहन हो।
  • बच्चों द्वारा अपनी भाषा में कही गई बातों को हिंदी भाषा और अन्य भाषाओं में दोहराने के अवसर उपलब्ध हों।
  • कहानी, कविता आदि को बोलकर सुनाने के अवसर हों और उस पर बातचीत करने के अवसर हों।
  • हिंदी में सुनी गई बात, कविता, खेल-गीत, कहानी आदि को अपने तरीके और अपनी भाषा में कहने-सुनाने के अवसर उपलब्ध हों।
  • प्रश्न पूछने एवं अपनी बात जोड़ने के अवसर उपलब्ध हों।
  • कक्षा/विद्यालय में स्तरानुसार विभिन्न प्रकार की रोचक सामग्री उपलब्ध हो — बाल साहित्य, बाल पत्रिकाएँ, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो सामग्री। सामग्री ब्रेल में भी उपलब्ध हो।
  • तरह-तरह की कहानियों, कविताओं को चित्रों के आधार पर अनुमान लगाकर पढ़ने के अवसर उपलब्ध हों।
  • सुनी, देखी बातों को अपने तरीके से कागज़ पर उतारने के अवसर हों।
  • बच्चे अक्षरों की आकृति बनाना शुरू करते हैं भले ही उनमें सुघड़ता न हो — इसे कक्षा में स्वीकार किया जाए।
  • बच्चों द्वारा अपनी वर्तनी गढ़ने की प्रवृत्ति को भाषा सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा समझा जाए।

बच्चे—

  • विविध उद्देश्यों के लिए अपनी भाषा अथवा/और स्कूल की भाषा का इस्तेमाल करते हुए बातचीत करते हैं — कविता, कहानी सुनाना, जानकारी के लिए प्रश्न पूछना, निजी अनुभव साझा करना।
  • सुनी सामग्री (कहानी, कविता) के बारे में बातचीत करते हैं, अपनी राय देते हैं, प्रश्न पूछते हैं।
  • भाषा में निहित ध्वनियों और शब्दों के साथ खेलने का आनंद लेते हैं — जैसे इन्ना, बिन्ना, तिन्ना।
  • प्रिंट (लिखा या छपा हुआ) और गैर-प्रिंट सामग्री (चित्र/ग्राफिक्स) में अंतर करते हैं।
  • चित्र के सूक्ष्म और प्रत्यक्ष पहलुओं पर बारीक अवलोकन करते हैं।
  • चित्र में या क्रमवार सजाए चित्रों में घट रही घटनाओं, पात्रों को एक संदर्भ या कहानी के सूत्र में देखकर समझते हैं।
  • लिपि चिह्नों/शब्दों/वाक्यों को देखकर और ध्वनियों को सुनकर, समझकर उनकी पहचान करते हैं।
  • संदर्भ की मदद से आस-पास मौजूद प्रिंट के अर्थ का अनुमान लगाते हैं — जैसे टॉफ़ी के कवर पर लिखे नाम को 'टॉफ़ी', 'लॉलीपॉप' या 'चॉकलेट' बताना।
  • प्रिंट में मौजूद अक्षर, शब्द और वाक्य की इकाइयों को पहचानते हैं — जैसे 'मेरा नाम विमला है।' — इसमें 'नाम' कहाँ है?
  • परिचित/अपरिचित लिखित सामग्री में रुचि दिखाते हैं और अर्थ की खोज में विविध युक्तियों का इस्तेमाल करते हैं।
  • हिंदी वर्णमाला के अक्षरों की आकृति और ध्वनि को पहचानते हैं।
  • अपनी पसंद की किताबों को स्वयं चुनते हैं और पढ़ने की कोशिश करते हैं।
  • अपने विकासात्मक स्तर के अनुसार चित्रों, आड़ी-तिरछी रेखाओं (कीरम-काटे), स्व-वर्तनी (Invented Spelling) और स्व-नियंत्रित लेखन (Conventional Writing) के माध्यम से मन की बातों को लिखने का प्रयास करते हैं।
  • स्वयं बनाए गए चित्रों के नाम लिखते (लेबलिंग) हैं।

कक्षा II (हिंदी) — सीखने के प्रतिफल

कक्षा II (हिंदी)
सीखने-सिखाने की प्रक्रियासीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes)
सभी शिक्षार्थियों (भिन्न रूप से सक्षम बच्चों सहित) को व्यक्तिगत, सामूहिक रूप से कार्य करने के अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि उन्हें—
  • अपनी भाषा में अपनी बात कहने, बातचीत करने की भरपूर आज़ादी और अवसर हों।
  • हिंदी में सुनी गई बात, कविता, कहानी आदि को अपने तरीके और अपनी भाषा में कहने-सुनाने/प्रश्न पूछने एवं अपनी बात जोड़ने के अवसर उपलब्ध हों।
  • बच्चों द्वारा अपनी भाषा में कही गई बातों को हिंदी भाषा और अन्य भाषाओं में दोहराने के अवसर उपलब्ध हों।
  • 'पढ़ने का कोना' में स्तरानुसार विभिन्न प्रकार की रोचक सामग्री उपलब्ध हो।
  • चित्रों के आधार पर अनुमान लगाकर तरह-तरह की कहानियों, कविताओं को पढ़ने के अवसर उपलब्ध हों।
  • कहानी, कविता आदि को बोलकर, पढ़कर सुनाने के अवसर हों और उस पर बातचीत करने के अवसर हों।
  • सुनी, देखी, पढ़ी बातों को अपने तरीके से कागज़ पर उतारने के अवसर हों — ये चित्र भी हो सकते हैं, शब्द भी और वाक्य भी।
  • बच्चे अक्षरों की आकृति को बनाने में अपेक्षाकृत सुघड़ता का प्रदर्शन करते हैं। इसे कक्षा में प्रोत्साहित किया जाए।
  • बच्चों द्वारा अपनी वर्तनी गढ़ने की प्रवृत्ति को भाषा सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा समझा जाए।

बच्चे —

  • विविध उद्देश्यों के लिए अपनी भाषा का इस्तेमाल करते हुए बातचीत करते हैं — जानकारी पाने के लिए प्रश्न पूछना, निजी अनुभव साझा करना, अपना तर्क देना।
  • कही जा रही बात, कहानी, कविता आदि को ध्यान से सुनकर अपनी भाषा में बताते/सुनाते हैं।
  • देखी, सुनी बातों के बारे में बातचीत करते हैं और अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं।
  • अपनी निजी ज़िंदगी और परिवेश पर आधारित अनुभवों को सुनायी जा रही सामग्री से जोड़ते हुए बातचीत में शामिल करते हैं।
  • भाषा में निहित शब्दों और ध्वनियों के साथ खेल का मज़ा लेते हुए लय और तुक वाले शब्द बनाते हैं — जैसे: एक था पहाड़, उसका भाई था दहाड़, दोनों गए खेलने....।
  • अपनी कल्पना से कहानी, कविता आदि कहते/सुनाते हैं/आगे बढ़ाते हैं।
  • अपने स्तर और पसंद के अनुसार कहानी, कविता, चित्र, पोस्टर आदि को आनंद के साथ पढ़कर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं।
  • परिचित/अपरिचित लिखित सामग्री में रुचि दिखाते हैं और अर्थ की खोज में विविध युक्तियों का इस्तेमाल करते हैं — चित्रों और प्रिंट की मदद से अनुमान लगाना, अक्षर-ध्वनि संबंध का इस्तेमाल करना, पूर्व अनुभवों का इस्तेमाल करना।
  • प्रिंट में मौजूद अक्षर, शब्द और वाक्य की इकाइयों की अवधारणा को समझते हैं — जैसे 'मेरा नाम विमला है।' इस वाक्य में कितने शब्द हैं?
  • हिंदी वर्णमाला के अक्षरों की आकृति और ध्वनि को पहचानते हैं।
  • अपनी पसंद की किताबों को स्वयं चुनते हैं और पढ़ने की कोशिश करते हैं।
  • चित्रों, आड़ी-तिरछी रेखाओं से आगे बढ़ते हुए स्व-वर्तनी का उपयोग और स्व-नियंत्रित लेखन (Conventional Writing) करते हैं।
  • सुनी हुई और अपने मन की बातों को चित्रों/शब्दों/वाक्यों द्वारा (लिखित रूप से) अभिव्यक्त करते हैं।
  • अपनी निजी ज़िंदगी के अनुभवों को अपने लेखन में शामिल करते हैं। अपनी कल्पना से कहानी, कविता आदि आगे बढ़ाते हैं।
  • विराम-चिह्नों — पूर्ण विराम, अल्प विराम, प्रश्नवाचक चिह्न — का सचेत इस्तेमाल करते हैं।
  • अलग-अलग तरह की सामग्री (अखबार, बाल पत्रिका, होर्डिंस आदि) को समझकर पढ़ने के बाद प्रतिक्रिया लिखते हैं।

कक्षा III (हिंदी) — सीखने के प्रतिफल

कक्षा III (हिंदी)
सीखने-सिखाने की प्रक्रियासीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes)
सभी शिक्षार्थियों (भिन्न रूप से सक्षम बच्चों सहित) को व्यक्तिगत, सामूहिक रूप से कार्य करने के अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि उन्हें—
  • अपनी भाषा में अपनी बात कहने, बातचीत करने की भरपूर आज़ादी और अवसर हों।
  • हिंदी में सुनी गई बात, कविता, कहानी आदि को अपने तरीके और अपनी भाषा में कहने-सुनाने/प्रश्न पूछने एवं अपनी बात जोड़ने के अवसर उपलब्ध हों।
  • बच्चों द्वारा अपनी भाषा में कही गई बातों को हिंदी भाषा और अन्य भाषाओं में दोहराने के अवसर उपलब्ध हों।
  • 'पढ़ने का कोना'/पुस्तकालय में स्तरानुसार विभिन्न प्रकार की रोचक सामग्री उपलब्ध हो।
  • तरह-तरह की कहानियों, कविताओं, पोस्टर आदि को चित्रों और संदर्भ के आधार पर समझने-समझाने के अवसर उपलब्ध हों।
  • विभिन्न उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए पढ़ने के विभिन्न आयामों को कक्षा में उचित स्थान देने के अवसर उपलब्ध हों — किसी कहानी में जानकारी खोजना, तर्क देना, राय देना आदि।
  • सुनी, देखी बातों को अपने तरीके से, अपनी भाषा में लिखने के अवसर हों।
  • अपनी भाषा गढ़ने (नए शब्द/वाक्य/अभिव्यक्तियाँ बनाने) और उनका इस्तेमाल करने के अवसर हों।
  • संदर्भ और उद्देश्य के अनुसार उपयुक्त शब्दों और वाक्यों का चयन करने, उनकी संरचना करने के अवसर उपलब्ध हों।
  • अपना परिवार, विद्यालय, मोहल्ला, खेल का मैदान, गाँव की चौपाल जैसे विषयों पर अथवा स्वयं विषय का चुनाव कर अनुभवों को लिखकर एक-दूसरे से बाँटने के अवसर हों।
  • एक-दूसरे की लिखी हुई रचनाओं को सुनने, पढ़ने और उन पर अपनी राय देने, उनमें अपनी बात को जोड़ने, बढ़ाने और अलग-अलग ढंग से लिखने के अवसर हों।

बच्चे—

  • कही जा रही बात, कहानी, कविता आदि को ध्यान से समझते हुए सुनते और अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं।
  • कहानी, कविता आदि को उचित उतार-चढ़ाव, गति, प्रवाह और सही पुट के साथ सुनाते हैं।
  • सुनी हुई रचनाओं की विषय-वस्तु, घटनाओं, पात्रों, शीर्षक आदि के बारे में बातचीत करते हैं, प्रश्न पूछते हैं, राय बताते हैं।
  • आस-पास होने वाली गतिविधियों/घटनाओं और विभिन्न स्थितियों में हुए अपने अनुभवों के बारे में बताते, बातचीत करते और प्रश्न पूछते हैं।
  • कहानी, कविता अथवा अन्य सामग्री को समझते हुए उसमें अपनी कहानी/बात जोड़ते हैं।
  • अलग-अलग तरह की रचनाओं/सामग्री (अखबार, बाल पत्रिका, होर्डिंस आदि) को समझकर पढ़ने के बाद उस पर प्रश्न पूछते हैं, राय देते हैं, शिक्षक एवं सहपाठियों के साथ चर्चा करते हैं।
  • अलग-अलग तरह की रचनाओं में आए नए शब्दों को संदर्भ में समझकर उनका अर्थ सुनिश्चित करते हैं।
  • तरह-तरह की कहानियों, कविताओं/रचनाओं की भाषा की बारीकियों (शब्दों की पुनरावृत्ति, संज्ञा, सर्वनाम, विभिन्न विराम-चिह्नों का प्रयोग आदि) की पहचान और प्रयोग करते हैं।
  • वर्तनी के प्रति सचेत होते हुए स्व-नियंत्रित लेखन (Conventional Writing) करते हैं।
  • विभिन्न उद्देश्यों के लिए लिखते हुए शब्दों के चुनाव, वाक्य संरचना और लेखन के स्वरूप (जैसे— दोस्त को पत्र लिखना, पत्रिका के संपादक को पत्र लिखना) को लेकर निर्णय लेते हुए लिखते हैं।
  • विराम-चिह्नों — पूर्ण विराम, अल्प विराम, प्रश्नवाचक चिह्न — का सचेत इस्तेमाल करते हैं।
  • अलग-अलग तरह की सामग्री को समझकर पढ़ने के बाद उस पर अपनी प्रतिक्रिया लिखते हैं।

कक्षा IV (हिंदी) — सीखने के प्रतिफल

कक्षा IV (हिंदी)
सीखने-सिखाने की प्रक्रियासीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes)
सभी शिक्षार्थियों (भिन्न रूप से सक्षम बच्चों सहित) को व्यक्तिगत, सामूहिक रूप से कार्य करने के अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि उन्हें—
  • विभिन्न विषयों, स्थितियों, घटनाओं, अनुभवों, कहानियों, कविताओं आदि को अपने तरीके और अपनी भाषा में कहने-सुनाने/प्रश्न पूछने एवं अपनी बात जोड़ने के अवसर उपलब्ध हों।
  • 'पढ़ने का कोना'/पुस्तकालय में स्तरानुसार विभिन्न प्रकार की रोचक सामग्री उपलब्ध हों — बाल साहित्य, बाल पत्रिकाएँ, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो सामग्री, अखबार।
  • तरह-तरह की कहानियों, कविताओं, पोस्टर आदि को पढ़कर समझने-समझाने, उस पर प्रतिक्रिया देने, बातचीत करने, प्रश्न करने के अवसर उपलब्ध हों।
  • पढ़ने के विभिन्न आयामों को कक्षा में उचित स्थान — किसी घटना या पात्र के संबंध में प्रतिक्रिया, राय, तर्क देना, विश्लेषण करना।
  • कहानी, कविता आदि को बोलकर पढ़ने-सुनाने और सुनी, देखी, पढ़ी बातों को अपने तरीके से कहने और लिखने के अवसर एवं प्रोत्साहन उपलब्ध हों।
  • ज़रूरत और संदर्भ के अनुसार अपनी भाषा गढ़ने (नए शब्द/वाक्य/अभिव्यक्तियाँ बनाने) और उनका इस्तेमाल करने के अवसर उपलब्ध हों।
  • एक-दूसरे की लिखी हुई रचनाओं को सुनने, पढ़ने और उस पर अपनी राय देने, उसमें अपनी बात को जोड़ने, बढ़ाने और अलग-अलग ढंग से लिखने के अवसर हों।
  • अपनी बात को अपने ढंग से/सृजनात्मक तरीके से अभिव्यक्त (मौखिक, लिखित, सांकेतिक रूप से) करने की आज़ादी हो।
  • आस-पास होने वाली गतिविधियों/घटनाओं को लेकर प्रश्न करने, सहपाठियों से बातचीत या चर्चा करने के अवसर उपलब्ध हों।
  • कक्षा में अपने साथियों की भाषाओं पर गौर करने के अवसर हों — जैसे आम, रोटी, तोता आदि शब्दों को अपनी-अपनी भाषा में कहे जाने के अवसर।

बच्चे —

  • दूसरों द्वारा कही जा रही बात को ध्यान से सुनकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते और प्रश्न पूछते हैं।
  • सुनी रचनाओं की विषय-वस्तु, घटनाओं आदि के बारे में बातचीत करते हैं, अपनी बात के लिए तर्क देते हैं।
  • कहानी, कविता अथवा अन्य सामग्री को अपनी तरह से अपनी भाषा में समझते हुए उसमें अपनी कहानी/बात जोड़ते हैं।
  • भाषा की बारीकियों पर ध्यान देते हुए अपनी भाषा गढ़ते और उसका इस्तेमाल करते हैं।
  • विविध प्रकार की सामग्री (समाचार पत्र के मुख्य शीर्षक, बाल पत्रिका आदि) में आए प्राकृतिक, सामाजिक एवं अन्य संवेदनशील बिंदुओं को समझते और उन पर चर्चा करते हैं।
  • पढ़ी हुई सामग्री और निजी अनुभवों को जोड़ते हुए उनसे उभरी संवेदनाओं और विचारों की (मौखिक/लिखित) अभिव्यक्ति करते हैं।
  • अपनी पाठ्यपुस्तक से इतर सामग्री (बाल साहित्य/समाचार पत्र के मुख्य शीर्षक, बाल पत्रिका, होर्डिंस आदि) को समझकर पढ़ते हैं।
  • अलग-अलग तरह की रचनाओं में आए नए शब्दों को संदर्भ में समझकर उनका अर्थ ग्रहण करते हैं।
  • पढ़ने के प्रति उत्सुक रहते हैं और पुस्तकालय से अपनी पसंद की किताबों को स्वयं चुनकर पढ़ते हैं।
  • पढ़ी रचनाओं की विषय-वस्तु, घटनाओं, पात्रों, शीर्षक आदि के बारे में बातचीत करते हैं, अपनी राय देते हैं।
  • स्तरानुसार अन्य विषयों, व्यवसायों, कलाओं आदि (गणित, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन, नृत्यकला, चिकित्सा आदि) में प्रयुक्त होने वाली शब्दावली की सराहना करते हैं।
  • भाषा की बारीकियों, जैसे— शब्दों की पुनरावृत्ति, सर्वनाम, विशेषण, जेंडर, वचन आदि के प्रति सचेत रहते हुए लिखते हैं।
  • किसी विषय पर लिखते हुए शब्दों के बारीक अंतर को समझते हुए शब्दों का उपयुक्त प्रयोग करते हुए लिखते हैं।

कक्षा V (हिंदी) — सीखने के प्रतिफल

कक्षा V (हिंदी)
सीखने-सिखाने की प्रक्रियासीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes)
सभी शिक्षार्थियों (भिन्न रूप से सक्षम बच्चों सहित) को व्यक्तिगत, सामूहिक रूप से कार्य करने के अवसर और प्रोत्साहन दिया जाए ताकि उन्हें—
  • विभिन्न विषयों, स्थितियों, घटनाओं, अनुभवों, कहानियों, कविताओं आदि को अपने तरीके और अपनी भाषा में (मौखिक/लिखित/सांकेतिक रूप से) कहने-सुनाने/प्रश्न पूछने, टिप्पणी करने, अपनी राय देने की आज़ादी हो।
  • पुस्तकालय/कक्षा में अलग-अलग तरह की कहानियाँ, कविताएँ अथवा/बाल साहित्य, स्तरानुसार सामग्री, साइनबोर्ड, होर्डिंग, अखबारों की कतरनें उनके आस-पास के परिवेश में उपलब्ध हों।
  • तरह-तरह की कहानियों, कविताओं, पोस्टर आदि को संदर्भ के अनुसार पढ़कर समझने-समझाने के अवसर उपलब्ध हों।
  • सुनी, देखी, पढ़ी बातों को अपने तरीके से, अपनी भाषा में लिखने के अवसर हों।
  • ज़रूरत और संदर्भ के अनुसार अपनी भाषा गढ़ने और उनका इस्तेमाल करने के अवसर हों।
  • एक-दूसरे की लिखी हुई रचनाओं को सुनने, पढ़ने और उन पर अपनी राय देने के अवसर हों।
  • आस-पास होने वाली गतिविधियों/घटनाओं को लेकर प्रश्न करने, चर्चा करने, टिप्पणी करने, राय देने के अवसर उपलब्ध हों।
  • विषय-वस्तु के संदर्भ में भाषा की बारीकियों और उसकी नियमबद्ध प्रकृति को समझने और उनका प्रयोग करने के अवसर हों।
  • नए शब्दों को चित्र शब्दकोश/शब्दकोश में देखने के अवसर उपलब्ध हों।
  • अन्य विषयों, व्यवसायों, कलाओं आदि में प्रयुक्त होने वाली शब्दावली को समझने और उसका संदर्भ एवं स्थिति के अनुसार इस्तेमाल करने के अवसर हों।
  • पाठ्यपुस्तक और उससे इतर सामग्री में आए प्राकृतिक, सामाजिक एवं अन्य संवेदनशील बिंदुओं को समझने और उन पर चर्चा करने के अवसर उपलब्ध हों।

बच्चे —

  • सुनी अथवा पढ़ी रचनाओं (हास्य, साहसिक, सामाजिक आदि विषयों पर आधारित कहानी, कविता आदि) की विषय-वस्तु, घटनाओं, चित्रों और पात्रों, शीर्षक आदि के बारे में बातचीत करते हैं/प्रश्न पूछते हैं/अपनी स्वतंत्र टिप्पणी देते हैं/तर्क देते हैं/निष्कर्ष निकालते हैं।
  • अपने आस-पास घटने वाली विभिन्न घटनाओं की बारीकियों पर ध्यान देते हुए मौखिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं।
  • भाषा की बारीकियों पर ध्यान देते हुए अपनी (मौखिक) भाषा गढ़ते हैं।
  • विविध प्रकार की सामग्री (अखबार, बाल साहित्य, पोस्टर आदि) में आए संवेदनशील बिंदुओं पर (मौखिक/लिखित) अभिव्यक्ति करते हैं — जैसे 'ईदगाह' कहानी पढ़ने के बाद बच्चा कहता है: "मैं भी अपनी दादी की खाना बनाने में मदद करता हूँ।"
  • विभिन्न स्थितियों और उद्देश्यों (बुलेटिन पर लगाई जाने वाली सूचना, कार्यक्रम की रिपोर्ट, जानकारी प्राप्त करना) के लिए पढ़ते और लिखते हैं।
  • अपनी पाठ्यपुस्तक से इतर सामग्री (अखबार, बाल पत्रिका, होर्डिंस आदि) को समझते हुए पढ़ते और उसके बारे में बताते हैं।
  • अपरिचित शब्दों के अर्थ शब्दकोश से खोजते हैं।
  • लेखन की प्रक्रिया की बेहतर समझ के साथ अपने लेखन को जाँचते हैं और लेखन के उद्देश्य और पाठक के अनुसार लेखन में बदलाव करते हैं।
  • भाषा की बारीकियों पर ध्यान देते हुए अपनी भाषा गढ़ते हैं और उसे अपने लेखन/ब्रेल में शामिल करते हैं।
  • विभिन्न स्थितियों और उद्देश्यों के अनुसार लिखते हैं (बुलेटिन बोर्ड पर लगाई जाने वाली सूचना, सामान की सूची, कविता, कहानी, चिट्ठी आदि)।
  • अलग-अलग तरह की रचनाओं में आए नए शब्दों को संदर्भ में समझकर उनका लेखन में इस्तेमाल करते हैं।
  • विराम-चिह्नों — पूर्ण विराम, अल्प विराम, प्रश्नवाचक चिह्न, उद्धरण चिह्न — का सचेत इस्तेमाल करते हैं।
  • अपनी कल्पना से कहानी, कविता, वर्णन आदि लिखते हुए भाषा का सृजनात्मक प्रयोग करते हैं।
  • भाषा की व्याकरणिक इकाइयों (जैसे— कारक-चिह्न, क्रिया, काल, विलोम आदि) की पहचान करते हैं और उनके प्रति सचेत रहते हुए लिखते हैं।
  • अपनी कल्पना से कहानी, कविता, पत्र आदि लिखते हैं। कविता, कहानी को आगे बढ़ाते हुए लिखते हैं।

तुलनात्मक सारांश — कक्षा I से V (हिंदी)

नीचे दी गई तालिका में कक्षा I से V तक हिंदी भाषा की चार प्रमुख क्षमताओं के क्रमिक विकास का सारांश प्रस्तुत किया गया है:

कक्षा 🎧 सुनना 🗣️ बोलना 📖 पढ़ना ✍️ लिखना
Iकहानी-कविता ध्यान से सुनना, प्रतिक्रिया देनाअपनी भाषा में भाव व्यक्त करना, खेल-गीतचित्र से अनुमान, अक्षर-ध्वनि पहचानचित्र, कीरम-काटे, Invented Spelling
IIबातचीत में प्रतिक्रिया, प्रश्न पूछनालय-तुक शब्द बनाना, कल्पना से कहानीपरिचित/अपरिचित सामग्री पढ़ने की युक्तिवर्तनी सचेतता, विराम-चिह्न प्रयोग
IIIउतार-चढ़ाव के साथ सुनना-सुनानातर्क सहित राय, अनुभव साझा करनानए शब्दों का संदर्भ से अर्थ निकालनापत्र लेखन, शब्द चयन, संपादकीय पत्र
IVसंवेदनशील बिंदुओं पर चर्चासृजनात्मक अभिव्यक्ति, विश्लेषणअन्य विषयों की शब्दावली, विस्तृत पठनजेंडर, वचन, विशेषण सचेतता के साथ लेखन
Vनिष्कर्ष निकालना, स्वतंत्र टिप्पणीमौखिक भाषा गढ़ना, तर्क-वितर्कशब्दकोश प्रयोग, पाठक-अनुसार पठनसृजनात्मक लेखन, कारक-चिह्न, उद्धरण

शिक्षकों के लिए व्यावहारिक सुझाव

NCERT के सीखने के प्रतिफलों को कक्षा में उतारने के लिए शिक्षक निम्नलिखित व्यावहारिक तरीके अपना सकते हैं:

01 भाषायी पूँजी का सम्मान करें बच्चे जो भाषा घर से लेकर आते हैं, उसे कक्षा में स्वीकार करें। उनकी मातृभाषा में कही गई बात को हिंदी में भी कहने का अवसर दें — यही बहुभाषी शिक्षण का व्यावहारिक रूप है।
02 पढ़ने का कोना ज़रूर बनाएँ कक्षा में 'रीडिंग कॉर्नर' बनाएँ जिसमें बाल साहित्य, पत्रिकाएँ, अखबार, पोस्टर और ब्रेल सामग्री हो। बच्चों को अपनी पसंद की किताब खुद चुनने दें।
03 Invented Spelling को प्रोत्साहित करें कक्षा I-II में बच्चों की गलत वर्तनी को तुरंत सुधारने की जगह उनकी लेखन-प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करें। गलत वर्तनी भी सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
04 चारों क्षमताएँ एक साथ विकसित करें एक ही गतिविधि में सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना शामिल करें — जैसे एक कहानी सुनाएँ, उस पर बातचीत करें, उसे पढ़ें और फिर आगे लिखने दें।
05 Learning Outcomes को Assessment से जोड़ें सीखने के प्रतिफल केवल पाठ्यपुस्तक के प्रश्नों से नहीं जाँचे जा सकते। बच्चों की रोज़मर्रा की भाषा, उनके चित्र, उनकी बातचीत — सब assessment के माध्यम हैं।
06 Official Document संदर्भ के लिए रखें NCERT का हिंदी Learning Outcomes PDF और शिक्षा मंत्रालय का मूल दस्तावेज़ — दोनों निःशुल्क उपलब्ध हैं।
📄 Official Source — NCERT यह सम्पूर्ण लेख NCERT द्वारा 2017 में प्रकाशित "Learning Outcomes at the Elementary Stage" दस्तावेज़ पर आधारित है।

🔗 Hindi PDF: ncert.nic.in — Learning Outcomes (Hindi) ↗
🔗 Ministry of Education: education.gov.in — Learning Outcomes ↗
🔗 NCERT Official Site: ncert.nic.in ↗

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

1. प्राथमिक स्तर पर हिंदी भाषा सीखने के प्रतिफल क्या हैं?
NCERT के अनुसार, प्राथमिक स्तर (कक्षा 1-5) पर हिंदी भाषा सीखने के प्रतिफल में सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना — ये चार मुख्य भाषायी कौशल शामिल हैं। कक्षा I में अक्षर पहचान और स्व-वर्तनी से शुरू होकर कक्षा V तक सृजनात्मक लेखन और व्याकरण-बोध तक यह विकास होता है।
2. NCERT Learning Outcomes 2017 में किस document में published हुए?
NCERT ने 2017 में "Learning Outcomes at the Elementary Stage" दस्तावेज़ जारी किया। इसे बाद में RTE Act 2009 के Central Rules में शामिल किया गया, जिससे यह सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होता है। Hindi PDF यहाँ उपलब्ध है।
3. सीखने की प्रक्रिया और सीखने के प्रतिफल में क्या अंतर है?
सीखने की प्रक्रिया (Teaching-Learning Process) वह है जो कक्षा में शिक्षक करता है — जैसे अवसर देना, प्रोत्साहित करना, सामग्री उपलब्ध कराना। सीखने के प्रतिफल (Learning Outcomes) वह है जो बच्चा वास्तव में सीख पाता है — जैसे कहानी सुनाना, प्रश्न पूछना, लिखना। दोनों मिलकर कक्षा की पूर्ण तस्वीर बनाते हैं।
4. कक्षा I में हिंदी के मुख्य Learning Outcomes क्या हैं?
कक्षा I में बच्चे हिंदी वर्णमाला के अक्षरों की आकृति और ध्वनि पहचानते हैं, चित्रों से अनुमान लगाकर पढ़ने का प्रयास करते हैं, प्रिंट और गैर-प्रिंट सामग्री में अंतर करते हैं, और Invented Spelling द्वारा लिखना शुरू करते हैं।
5. बहुभाषी कक्षा में हिंदी शिक्षण कैसे हो?
NCERT के अनुसार कक्षा में बच्चों की मातृभाषाओं को स्थान देना ज़रूरी है। बच्चों की भाषा को नकारने का अर्थ है उनकी अस्मिता को नकारना। बच्चे अपनी भाषा में बात करें, फिर उसे हिंदी में भी कहें — यही बहुभाषी शिक्षण का आधार है।
6. NCERT के अनुसार 'पढ़ना' क्या है?
NCERT के अनुसार 'पढ़ना' मात्र किताबी कौशल न होकर एक तहज़ीब और तरकीब है। यह पढ़कर समझने और उस पर प्रतिक्रिया करने की एक प्रक्रिया है। अर्थ केवल शब्दों और वाक्यों में नहीं बल्कि पाठ की समग्रता में भी होता है और कई बार जो नहीं कहा गया उसे भी समझना पड़ता है।
7. कक्षा V तक हिंदी लेखन में बच्चों से क्या अपेक्षा है?
कक्षा V तक बच्चे सृजनात्मक लेखन करते हैं — कहानी, कविता, पत्र, वर्णन आदि। वे विराम-चिह्नों (पूर्ण विराम, अल्प विराम, प्रश्नवाचक, उद्धरण) का सचेत प्रयोग करते हैं, कारक-चिह्न व क्रिया की पहचान करते हैं, और पाठक तथा उद्देश्य के अनुसार लेखन में बदलाव करते हैं।
8. हिंदी भाषा की चार क्षमताएँ एक-दूसरे से कैसे जुड़ी हैं?
NCERT के अनुसार, सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना — ये चारों क्षमताएँ एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं और एक-दूसरे के विकास में सहायक हैं। उदाहरण के लिए, किसी रचना को सुनकर उस पर चर्चा करना — यह पढ़ने, सुनने और बोलने तीनों से जुड़ा है। इसलिए इन्हें अलग-अलग करके नहीं देखना चाहिए।
9. पाठ्यचर्या संबंधी अपेक्षाएँ किसके लिए हैं?
पाठ्यचर्या संबंधी अपेक्षाएँ पूरे देश के बच्चों के लिए हैं — प्रथम भाषा के रूप में हिंदी पढ़ने वाले और द्वितीय भाषा के रूप में हिंदी पढ़ने वाले, दोनों के लिए। ये RTE Act 2009 के अंतर्गत सभी विद्यालयों पर लागू होती हैं।
10. Invented Spelling (स्व-वर्तनी) क्या होती है?
Invented Spelling या स्व-वर्तनी वह प्रक्रिया है जिसमें बच्चा ध्वनियों के आधार पर अपने तरीके से शब्द लिखने की कोशिश करता है — भले ही वर्तनी सही न हो। NCERT के अनुसार यह भाषा सीखने की प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा है और इसे कक्षा में प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, तुरंत सुधारा नहीं जाना चाहिए।

संदर्भ एवं स्रोत

  1. NCERT (2017). Learning Outcomes at the Elementary Stage. नई दिल्ली: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद। [PDF डाउनलोड ↗]
  2. Ministry of Education, Government of India. Learning Outcomes — Elementary Stage. [education.gov.in ↗]
  3. Right of Children to Free and Compulsory Education (RTE) Act, 2009 — Central Rules (Learning Outcomes incorporated).
  4. National Curriculum Framework (NCF) 2005. NCERT, नई दिल्ली।
  5. NCERT Official Website: ncert.nic.in ↗

© ncertclasses.com | स्रोत: NCERT, नई दिल्ली | यह लेख शैक्षिक उद्देश्यों के लिए प्रस्तुत है।

📤 शेयर करें:

💼

सरकारी नौकरी की तैयारी करें!

SSC, Railway, Bank, UPSC के लिए

Visit Now →

💬 टिप्पणियाँ

No comments:

Post a Comment